नशा मुक्त पंजाब यात्रा का विरोध करने वालों पर मनोरंजन कालिया व के.डी. भंडारी ने साधा निशाना
भाजपा नेताओं का आरोप—पंजाब में नशे के खिलाफ आप सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर
जालंधर - रमेश महेन्द्रू
भारतीय जनता पार्टी की ओर से शुरू की गई पंजाब नशामुक्त यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा की यह यात्रा पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने के उद्देश्य से निकाली जा रही है और इसका समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है।
भाजपा नेता के.डी. भंडारी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार और उसके समर्थक भाजपा की पंजाब नशामुक्त यात्रा का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे नहीं चाहते कि पंजाब से नशे की समस्या समाप्त हो। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पंजाब सरकार वास्तव में नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को लेकर गंभीर होती तो अब तक उसके परिणाम दिखाई देते।
भंडारी ने कहा कि भाजपा की नशामुक्त यात्रा का उद्देश्य पंजाब के युवाओं और नशे से प्रभावित परिवारों की आवाज को सामने लाना तथा समाज को नशे के खिलाफ लामबंद करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि भाजपा की पंजाब नशामुक्त यात्रा का विरोध वही लोग कर रहे हैं जो नहीं चाहते कि पंजाब और पंजाब का युवा नशे की लत से बाहर आए। कालिया ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘नशों के विरुद्ध युद्ध’ जनता को गुमराह करने की राजनीतिक कवायद बनकर रह गया है।
कालिया ने कहा कि पंजाब सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है और चोरी, डकैती, हत्या तथा गोलीबारी जैसी घटनाओं को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में गैंगस्टरों और अपराधियों का प्रभाव बढ़ा है तथा नशे के कारोबार को लेकर सरकार को कड़े और पारदर्शी कदम उठाने चाहिए। कालिया ने कहा कि नशे के नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
राजबीर सिंह हुंदल के मामले का जिक्र करते हुए कालिया ने सरकार से सवाल किया कि यदि सरकार ने वर्ष 2023 में उन्हें बर्खास्त किया था, तो वर्ष 2026 तक उनकी गिरफ्तारी को लेकर स्थिति क्या है। उन्होंने सरकार से इस मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग की और आरोप लगाया कि कार्रवाई में देरी के पीछे कारण सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
कालिया ने कहा कि पंजाब की जनता नशे से मुक्ति चाहती है और भाजपा की नशामुक्त यात्रा इसी मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं बल्कि पूरे पंजाब के भविष्य की लड़ाई है।
भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को लेकर पार्टी ने इसे राज्यव्यापी अभियान बताया है, जबकि इस अभियान को लेकर राजनीतिक दलों और किसान संगठनों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।