Wednesday, 4 November 2026
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आप को  जोरदार झटका

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आप को  जोरदार झटका

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आप को  जोरदार झटका

आप के तीन मौजूदा विधायकों ने छोड़ी पार्टी

कुंवर प्रताप, जौड़ामाजरा व मनीमाजरा भाजपा में शामिल 

अमृतसर। बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के तीन मौजूदा विधायकों ने इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में अमृतसर नॉर्थ से कुंवर विजय प्रताप सिंह, समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं। इन तीनों नेताओं के पार्टी छोड़ने से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

तीनों विधायकों ने पिछले दो दिनों के दौरान आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया। चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी छोड़ी और उसके बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी आप से नाता तोड़ लिया। इसके बाद तीनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने से आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टर सरकार का हिस्सा बन गए हैं और राज्य में फिरौती की इंडस्ट्री चल रही है। उनके इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।

कुंवर विजय प्रताप ने 1 नवंबर 2026 से पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की जानकारी भी दी है। इसके बाद उन्होंने आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा को पत्र लिखकर पार्टी के सभी पदों और जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देने का ऐलान किया। उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भी भेजी है।

तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी ने भी सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने कहा है कि वह समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा स्पीकर के सामने मांग रखेगी।

आप के प्रवक्ता के मुताबिक, दोनों विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पहले ही पार्टी से सस्पेंड किया जा चुका है। अब पार्टी उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करवाने की मांग करेगी।

कुंवर विजय प्रताप सिंह के आम आदमी पार्टी से मतभेद उनके विधायक बनने के बाद से ही सामने आने लगे थे। वर्ष 2022 में अमृतसर नॉर्थ से विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड के मामलों में न्याय की मांग उठाई थी। इस दौरान वह कई बार अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर चुके थे।

जनवरी 2023 में उन्होंने विधानसभा की सरकारी आश्वासन कमेटी के चेयरमैन पद से भी इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भी मुख्यमंत्री भगवंत मान और सरकार के कामकाज को लेकर उनके बयान लगातार चर्चा में रहे। जून 2025 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच साल के लिए सस्पेंड कर दिया था।

इससे पहले समाना के विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। दोनों नेताओं के इस्तीफे ऐसे समय पर आए हैं, जब आप ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है।

चेतन सिंह जौड़ामाजरा आम आदमी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि, कुछ समय पहले पार्टी ने पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को समाना विधानसभा सीट का हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिया था। इसके बाद से ही जौड़ामाजरा की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज थीं।

वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ रेप का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद उनके ऑस्ट्रेलिया फरार होने की खबरें सामने आई थीं। जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले तीन मौजूदा विधायकों का पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होना आम आदमी पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है। एक तरफ पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुनावी तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ नेताओं के पार्टी छोड़ने से संगठन और राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Published on: 02 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111