Wednesday, 4 November 2026
आगरा में डीआरएम ऑफिस में मिला एओएम का शव

आगरा में डीआरएम ऑफिस में मिला एओएम का शव

उत्तर मध्य रेलवे के सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक सिंह का शव.कार्यालय के चेम्बर में मिला

वरिष्ठ अधिकारी पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न के आरोप, पुलिस जांच में जुटी

आगरा/उत्तर मध्य रेलवे। बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में तैनात सहायक परिचालन प्रबंधक अभिषेक सिंह कुशवाहा की  संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव डीआरएम कार्यालय परिसर में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) के चैंबर में सोफे पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक सिंह कुशवाहा की पत्नी आस्था रानी ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीणा पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, गाली-गलौज तथा धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

बताया गया है कि दोपहर करीब तीन बजे अभिषेक घर से कार्यालय के लिए निकले थे। शाम चार बजे कुछ देर के लिए घर लौटने के बाद वह अपनी डायरी लेकर दोबारा कार्यालय चले गए। शाम करीब पांच बजे एक सहयोगी ने उनके घर पहुंचकर उनके बारे में जानकारी ली। पत्नी को बताया गया कि अभिषेक कार्यालय में हैं।

रात को पत्नी ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। मोबाइल पर संदेश भेजने के बावजूद जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को इसकी जानकारी दी। रात करीब 10:30 बजे आस्थारानी डीआरएम कार्यालय पहुंचीं। स्टाफ के साथ तलाश करने पर अभिषेक वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) के चैंबर में सोफे पर पड़े मिले। चैंबर में उल्टियां भी पड़ी हुई थीं।

उन्हें तत्काल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मोबाइल फोन, डायरी और दो पाउच सहित अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं।

विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका के मद्देनजर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विसरा सुरक्षित रखे जाने की जानकारी भी सामने आई है, जिसे आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के थाना सैदपुर क्षेत्र के गांव खजुरा निवासी अभिषेक सिंह कुशवाहा, नागेंद्र सिंह कुशवाहा के पुत्र थे। वह उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक के पद पर तैनात थे। बताया गया है कि 17 अगस्त 2026 को प्रयागराज मंडल से पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण आगरा हुआ था।

इस दर्दनाक घटना के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए उत्पीड़न के आरोपों तथा अधिकारी की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल मौत के कारणों और उत्पीड़न के आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Published on: 02 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111