ऑस्ट्रेलिया से लौटते ही पति ने पत्नी को मौत के घाट उतारा चाकू से किए 28 ताबड़तोड़ वार
लुधियाना । बी बी आई टी न्यूज
पंजाब के लुधियाना में पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी रविंदर सिंह ने अपनी पत्नी कमलदीप कौर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से पत्नी पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। हैरानी की बात यह है कि आरोपी हत्या से एक दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी के साथ फिर बहस हुई और उसने हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कमलदीप के शरीर पर चाकू के कुल 28 वार किए गए थे। इनमें छाती, पेट और पीठ पर गहरे घाव मिले हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, रविंदर सिंह और कमलदीप कौर की शादी वर्ष 1996 में हुई थी। उनके दो बेटे हैं।
बड़ा बेटा 30 साल का और छोटा बेटा 28 साल का है। रविंदर सिंह पेशे से ड्राइवर है और बोलेरो पिकअप चलाता है, जबकि कमलदीप कौर गृहिणी थी। कमलदीप ने अपने बच्चों की परवरिश और पढ़ाई पर ध्यान दिया। परिवार के मुताबिक, उसने बड़े बेटे को बेहतर भविष्य के लिए ऑस्ट्रेलिया भी भेजा था।
पुलिस पूछताछ और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, रविंदर सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। उसे कमलदीप के खुले विचार पसंद नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
जांच में सामने आया है कि करीब तीन महीने पहले रविंदर सिंह और कमलदीप कौर अपने बड़े बेटे के पास ऑस्ट्रेलिया गए थे। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण दोनों उसकी देखभाल के लिए वहां पहुंचे थे।
कमलदीप कौर 23 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से भारत लौट आई थी। वह अपने छोटे बेटे के साथ लुधियाना स्थित घर में रह रही थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसका पति रविंदर सिंह भी ऑस्ट्रेलिया से भारत पहुंचा।
छोटा बेटा गगनदीप सिंह अपने पिता को दिल्ली एयरपोर्ट से लुधियाना लेकर आया था। घर पहुंचने के बाद एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।
एसीपी राजेश शर्मा ने बताया कि आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।