उत्तराखंड में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा
बद्रीनाथ-जोशीमठ के बीच प्राइवेट हेलिकॉप्टर क्रैश
पायलट समेत 6 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
उत्तराखंड/जोशीमठ/देहरादून।
उत्तराखंड में हेलिकॉप्टर हादसा हो जाने की खबर है। बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। हादसे की पुष्टि सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की है।
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं एसडीआरएफ ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम पहाड़ी पर चढ़कर घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के मुताबिक, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी चीज में आग लगने की सूचना मिली थी। इसकी जांच के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए।
हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा 5 यात्री सवार थे।
सवार लोगों में- कैप्टन हिमांशु (पायलट) - प्रतापा - अरु - शंकर गौड़ा - सुधीर के - एचएस नटराज
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। उत्तराखंड के कई इलाकों में इन दिनों मौसम खराब बना हुआ है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है।
पहाड़ी इलाकों में बदलते मौसम, कम दृश्यता और तेज हवाओं के बीच हेलिकॉप्टर उड़ानों को लेकर पहले से चुनौतियां बनी हुई हैं। हालांकि, इस हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और हादसे की जांच पर टिकी हैं। हेलिकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।