उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा
उपराष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल से आगे बढ़कर मानवता का दिया परिचय
देहरादून- बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर है। देहरादून जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया।
उपराष्ट्रपति ने देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे भारतीय वन सेवा के प्रोबेशनर्स को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने भावी वन अधिकारियों को देश और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल से आगे बढ़कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों और अकादमी के फैकल्टी सदस्यों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की और तस्वीरें भी खिंचवाईं जो यादगार बन गई।
संबोधन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम करीब पांच बजे प्रशिक्षणार्थी आईएफएस अधिकारियों और अकादमी के फैकल्टी सदस्यों के साथ उपराष्ट्रपति का ग्रुप फोटो प्रस्तावित था। इसी बीच बारिश शुरू हो गई। उपराष्ट्रपति का कार्यक्रम पहले से ही काफी व्यस्त था, जिसके चलते ग्रुप फोटो टालने पर विचार किया गया।
हालांकि, उपराष्ट्रपति ने स्वयं कहा कि ग्रुप फोटो केवल एक तस्वीर नहीं, बल्कि जीवनभर याद रहने वाला क्षण होता है और इसे टाला नहीं जाना चाहिए। इसके बाद खुले में फोटो लेने के बजाय ऑडिटोरियम में इस यादगार पल को दर्ज करने का निर्णय लिया गया।
प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारियों, अन्य प्रशिक्षणार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को मिलाकर करीब 200 लोग मौजूद थे। सभी के साथ एक साथ तस्वीर लेना संभव नहीं था, इसलिए अलग-अलग बैच में फोटो सेशन आयोजित किया गया। उपराष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक धैर्यपूर्वक सभी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
फोटो सेशन के दौरान उपराष्ट्रपति की नजर मंच के नीचे व्हीलचेयर पर बैठे एक व्यक्ति पर पड़ी। पूछताछ करने पर पता चला कि वह आईजीएनएफए के अपर प्रोफेसर प्रशांत ढांडा हैं। कुछ वर्ष पहले एक दुर्घटना के बाद से वह खड़े होने में असमर्थ हैं।
उपराष्ट्रपति ने उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली और उनसे आत्मीयता से बातचीत की व उनके साथ एक यादगार फोटो भी खिंचवाई ,यह क्षण कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए विशेष रूप से भावुक और प्रेरणादायक रहा।
अपने दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे आईएएस प्रोबेशनर्स के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
उपराष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे के दौरान औपचारिक कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रशिक्षणार्थियों और अधिकारियों के साथ उनके सहज संवाद तथा मानवीय संवेदनशीलता के कई क्षण चर्चा का विषय बने। उनका यह दौरा युवा प्रशासनिक एवं वन अधिकारियों के लिए प्रेरणादायी और लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव रहा।