राष्ट्रीय एकता दिवस
दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे ने आयोजित की ‘रन फॉर यूनिटी’
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
नई दिल्ली। बी बी आई टी न्यूज
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उत्तर रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक हर्ष खरे ने नई दिल्ली स्थित स्टेट एंट्री रोड पर उपस्थित उत्तर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमन त्रिपाठी सहित उत्तर रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात उत्तर रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक हर्ष खरे ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में उत्तर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
दौड़ स्टेट एंट्री रोड से शुरू होकर कनॉट प्लेस के मिडिल सर्कल से होते हुए नई दिल्ली के पंचकुइयां रोड स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी तक आयोजित की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना तथा नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना था।
सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।