श्री फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ
पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना हमारी जिम्मेदारी - रेखा गुप्ता
श्री फतेहगढ़ साहिब - रमेश महेन्द्रू
श्री फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती से ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। पंजाब को नशे की आग में झोंककर अपना राजनीतिक स्वार्थ साधने वालों ने एक पूरी पीढ़ी के सपनों के साथ खिलवाड़ किया है। नशे का यह जाल अपने आप नहीं फैला। इसे भ्रष्ट व्यवस्था, राजनीतिक संरक्षण और सत्ता की चुप्पी ने खाद-पानी दिया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने प्रण लिया है कि पंजाब की जनता के साथ मिलकर इस नशा तंत्र की जड़ों पर प्रहार करेंगे। नशे के सौदागरों और उन्हें संरक्षण देने वाली व्यवस्था के विरुद्ध जनशक्ति को खड़ा करेंगे और पंजाब के हर परिवार तक नशामुक्ति का संकल्प पहुंचाएंगे।
उन्होने कहा कि कल भाजपा के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी ने पठानकोट से प्रथम यात्रा का शुभारंभ किया। चार महाअभियानों के माध्यम से यह लड़ाई पंजाब के कोने-कोने तक पहुंचेगी और नशे के विरुद्ध जनजागरण को व्यापक जनआंदोलन बनाएगी।
पंजाब अब नशे का दर्द नहीं सहेगा। एकजुट पंजाब लड़ेगा और नशे का तंत्र टूटेगा। पंजाब फिर खुशहाल होगा।
पंजाब को नशामुक्त बनाने और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे दिन की शुरुआत आज पवित्र धरती श्री फतेहगढ़ साहिब से हुई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि नशे की समस्या केवल किसी एक परिवार या वर्ग की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज की चुनौती है। यात्रा का उद्देश्य लोगों को इस अभियान से जोड़ना और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाना है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती से नशे के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया है। “इस लड़ाई में पूरा देश पंजाब के साथ है, दिल्ली पंजाब के साथ है और मैं भी पंजाब के साथ हूं।” उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ इस संकल्प को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल राजनीतिक मुद्दे के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार, समाज और सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं और परिवारों को नशे से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। भाजपा के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना और लोगों को इस अभियान से जोड़ना है।
इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। यात्रा आगे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से होकर जालंधर पहुंचेगी, जहां 30 सितंबर को अभियान के समापन कार्यक्रम का कार्यक्रम निर्धारित है।
प्रमुख रूप से उपस्थित हुए - राजेश बाघा, सचिव, पंजाब भाजपा,तरुण चुघ, राज्यसभा सांसद,अश्वनी शर्मा, पूर्व पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष,मनप्रीत सिंह बादल,के डी भण्डरी सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।