सड़क हादसे में घायल भारतीय सेना के जवान दिनेश वशिष्ठ का निधन
पैतृक गांव हीरापुर में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
फरीदाबाद - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
छांयसा के पैतृक गांव हीरापुर निवासी भारतीय सेना के जवान दिनेश वशिष्ठ शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। 28 वर्षीय दिनेश की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जवान के असमय निधन से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
दिनेश वशिष्ठ भारतीय सेना की 48 आर्म्ड रेजिमेंट की 22 आरआर यूनिट में एसडब्ल्यूआर रैंक पर तैनात थे। उनकी हालिया तैनाती जम्मू-कश्मीर के बारामूला में थी।
करीब 28 दिन पहले ही उनकी पत्नी ज्योति ने बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म की खुशी में दिनेश छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में एक दर्दनाक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें पहले फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें बेस अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। बेस अस्पताल में करीब 15 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।
जिस घर में मासूम के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। नवजात शिशु जन्म के कुछ ही दिनों बाद अपने पिता के साये से वंचित हो गया। पैतृक गांव हीरापुर में जवान को अंतिम विदाई देते समय हर किसी की आंखें नम थीं।