50 सरकारी जमीन करवाई कब्जा मुक्तवैध झुग्गियां व खोखे किए ध्वस्त
सरकारी जमीन करवाई कब्जा मुक्त
मार्केट कमेटी द्वारा दाना मंडी व सब्जी मंडी में अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई
फगवाड़ा - बी बी आई टी डेस्क
मार्केट कमेटी फगवाड़ा ने पुलिस बल की मौजूदगी में शहर की दाना मंडी और सब्जी मंडी में लंबे समय से हुए अवैध कब्जों पर बड़ा प्रहार किया है। मार्केट कमेटी की विशेष टीम ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर 50 अवैध झुग्गियों और अवैध खोखों को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को पूरी तरह कब्जा मुक्त करवाया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहे।
मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन अनुराग मनखंड ने बताया कि पदभार संभालने के बाद से ही मंडी परिसर में अवैध कब्जों की गंभीर समस्या उनके संज्ञान में आ रही थी।
इन झुग्गियों में राजस्थान, यूपी और बिहार से आए प्रवासी रह रहे थे, जिनके पास रहने या पहचान का कोई वैध दस्तावेज नहीं था।
चेयरमेन ने बताया कि करीब 20-25 दिन पहले भी 40 झुग्गियां हटाई गई थीं, लेकिन वे लोग दोबारा आ बसे थे।
शिकायतें: मंडी के आढ़तियों और किसानों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंडी से बिजली की तारें और सामान चोरी हो रहा है। इसके अलावा शाम ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता था, जिससे आसपास के मोहल्ला निवासियों के साथ झपटमारी व लड़ाई-झगड़े आम बात हो गई थी।
मार्केट कमेटी के सचिव रुपिंदर सिंह की अगुवाई में सुपरवाइजर परम प्रकाश, निखिल गुप्ता, दिवांकर शर्मा, जीवन, रिकी, साहिल व अन्य की टीम ने कानूनी दायरे में रहते हुए यह सख्त कार्रवाई की।
दाना मंडी के प्रधान एवं आढ़ती एसोसिएशन पंजाब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलवंत राय ने मार्केट कमेटी की कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि यह बेहद सही और जरूरी कदम था। उन्होंने स्पष्ट किया कि झुग्गियों में रहने वाले लोग मंडी की आधिकारिक लेबर का हिस्सा नहीं थे, बल्कि यह असामाजिक गतिविधियों में लिप्त थे जो मंडी से मुफ्त का अनाज, पानी और अन्य सुविधाओं का नाजायज इस्तेमाल कर रहे थे।
इसके अलावा मंडी के आढ़ती हरविंदर सिंह, अनिल गुप्ता, गुरदीप कुमार, लाडी शर्मा और रजनीश सोनी ने भी कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ ऐसा एक्शन लगातार जारी रहना चाहिए।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन अनुराग मनखंड ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि मंडी की सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या पक्का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इन लोगों ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की, तो मार्केट कमेटी की टीम तुरंत प्रभाव से फिर बुलडोजर चलाएगी।