Wednesday, 4 November 2026
नशा तस्करी व अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश

नशा तस्करी व अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश

अमृतसर पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

नशा तस्करी व अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश 

11 पिस्तौल, 2.293 किलो हेरोइन बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार 

चण्डीगढ़/अमृतसर । बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 11 पिस्तौल और 2.293 किलो हेरोइन सहित आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार करके नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी के तीन अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करनदीप सिंह उर्फ बब्बू निवासी भल्ला कॉलोनी अमृतसर; करन सिंह उर्फ वंश और करनदीप सिंह उर्फ करन दोनों निवासी गांव नौशहरा ढल्ला, तरनतारन; अंग्रेज सिंह उर्फ शंकी और राहुल उर्फ शानी दोनों निवासी गांव घनूपुर काले, अमृतसर; मनप्रीत सिंह उर्फ करन  निवासी गांव अटारी, अमृतसर; कपिल उर्फ पापल  निवासी गोवाल मंडी, अमृतसर और निखिल गिल उर्फ सप निवासी सदर बाजार कैंट, अमृतसर के रूप में हुई है।

गिरफ्तार किए गए मुलज़िमों अंग्रेज सिंह, कपिल उर्फ पापल और निखिल गिल का पुराना आपराधिक पृष्ठभूमि है और इनके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। बरामद किए गए पिस्तौलों में तीन 9एमएम ग्लॉक, दो .30 बोर स्टार, एक .30 बोर बेरेटा, एक .30 बोर पीएक्स-5, तीन .30 बोर, एक देसी .32 बोर पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस शामिल हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार मुलज़िम विदेश बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे, जो आपराधिक तत्वों में आगे बांटने के लिए अवैध हथियारों की आपूर्ति में मदद करते थे। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

पहले ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस टीमों ने पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना छेहरटा से दो पिस्तौलों सहित करनदीप सिंह उर्फ बब्बू को गिरफ्तार किया है।

दूसरे ऑपरेशन में उन्होंने बताया कि भरोसेमंद सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने सात पिस्तौलों सहित छह मुलज़िमों करन सिंह उर्फ वंश, अंग्रेज सिंह उर्फ शंकी, मनप्रीत सिंह उर्फ करन, राहुल उर्फ शानी, कपिल उर्फ पापल और निखिल गिल उर्फ सप को गिरफ्तार किया है।

एक और ऑपरेशन में सीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने किसी अन्य सुराग पर कार्रवाई करते हुए थाना छेहरटा के क्षेत्र से दो पिस्तौलों और 2.293 किलो हेरोइन सहित करनदीप सिंह उर्फ करन को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, पहला मामला थाना छेहरटा में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफ.आई.आर. नं. 251 दिनांक 17.10.2026; दूसरा मामला थाना ए-डिवीजन में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6), 25(7) और 25(8) के तहत एफ.आई.आर. नं. 155 दिनांक 24.10.2026 और थाना छेहरटा में शस्त्र अधिनियम की धारा 25(6), 25(7), 25(8) और एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21-सी के तहत एफ.आई.आर. नं. 268 दिनांक 28.10.2026 को दर्ज किए गए हैं।

Published on: 31 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111