नशे के विरुद्ध क्रिकेट का बिगुल
जालंधर में 5 दिवसीय नमो क्रिकेट लीग के आयोजन का दूसरा दिन
युवाओं को दिया ‘नशे को ना—खेलों को हां’ का संदेश
जालन्धर - नूपुर महेन्द्रू
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के संदर्भ में युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें खेलों के साथ जोड़ने के उद्देश्य से जालंधर में पांच दिवसीय नमो क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया गया। हरभजन सिंह जोन द्वारा आयोजित इस 5 ओवर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन सेंट सोल्जर कॉलेज परिसर, जालंधर में किया जा रहा है।
नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं को “नशे को ना—खेलों को हां” का संदेश दिया जा रहा है। इस खेल आयोजन में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश सहित पांच राज्यों से लगभग 3200 टीमें और 56,000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में तरुण भण्डारी, राजनीतिक सचिव, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार उपस्थित हुए। विशेष अतिथियों में अनिल सच्चर, पूर्व सचिव पंजाब भाजपा, राजेश अग्रवाल, दिनेश ढल्ल, भाजपा नेता तथा अमित सिंह संघा एडवोकेट व नीरज चौधरी एडवोकेट शामिल रहे।
इस अवसर पर तरुण भण्डारी ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेलों को अपनाने का संदेश दिया।
नमो क्रिकेट लीग के आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में जिला स्तर के विजेता को 31,000 रुपये तथा उपविजेता को 21,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं ऑल इंडिया स्तर पर विजेता टीम को 21 लाख रुपये, उपविजेता को 11 लाख रुपये, तृतीय विजेता को 5 लाख रुपये तथा चतुर्थ विजेता को 2.5 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कार, मोटरसाइकिल, लैपटॉप तथा अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों की नि:शुल्क एंट्री है तथा नमो क्रिकेट लीग में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को फ्री टी-शर्ट और क्रिकेट बॉल भी प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर हरभजन सिंह जोन के चेयरमैन अश्वनी भण्डारी, प्रधान दविंदर कालिया, कोऑर्डिनेटर राकेश जगोता, प्रभारी अरुण कालिया तथा महासचिव गुरप्रीत विक्की सहित आयोजक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा प्रदान करना और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता पैदा करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक मंच पर लाकर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।