नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले भाजपा नेता बरिंदर बिट्टू पर दर्ज केस तुरंत वापस हो - विजय सांपला
जालन्धर - एस एन एन
भादसों में आम आदमी पार्टी के नेता मामदीन खान की दुकान से नशीली दवाइयां बरामद करवाने वाले भाजपा नेता बरिंदर कुमार बिट्टू और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज मामला तुरंत वापस लिया जाए।
भाजपा नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से मामला दर्ज किए जाने का कड़ा संज्ञान लेते हुए पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला ने केस तत्काल वापस लेने और नशे की बरामदगी से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि भादसों में इस मामले को लेकर भाजपा समर्थकों द्वारा रोष मार्च निकालना नशे की समस्या के प्रति लोगों की चिंता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मामला तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी इस मुद्दे पर और बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
विजय सांपला ने मांग की कि बरिंदर बिट्टू और उनके साथियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। साथ ही, प्रतिबंधित कैप्सूलों की कथित बरामदगी से जुड़े मूल मामले की जांच भी पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए।