मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुल्तानविंड लिंक रोड ओवरब्रिज जनता को किया समर्पित
पंजाब शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में तेज़ी से बढ़ रहा है आगे - भगवंत मान
अमृतसर :- एस एन एन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सुल्तानविंड लिंक रोड पर निर्मित नए ओवरब्रिज का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि इस ओवरब्रिज के शुरू होने से सुल्तानविंड लिंक रोड जंक्शन पर ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी तथा यातायात अधिक सुचारु और सुरक्षित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिदिन लगभग डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, जलियांवाला बाग और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए अमृतसर आते हैं। इससे शहर में यातायात का दबाव बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे का विकास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 985 मीटर लंबे इस आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल ओवरब्रिज के निर्माण पर अनुमानित लागत 34.20 करोड़ रुपये थी, लेकिन सरकार ने इसे मात्र 22.68 करोड़ रुपये में पूरा कर लगभग 11.52 करोड़ रुपये की बचत की है। उन्होंने कहा कि बचाई गई राशि का उपयोग जनकल्याण और अन्य विकास कार्यों में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज में वर्षा जल निकासी के लिए आरसीसी ड्रेनेज प्रणाली तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग कुओं की व्यवस्था भी की गई है, जिससे भूजल स्तर को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार केवल सड़क और पुल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पंजाब में 3100 खेल मैदान और लगभग 3000 जिम विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य में 1000 आम आदमी क्लीनिक सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जिनसे करोड़ों लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में भी पंजाब देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य राज्य को विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस ओवरब्रिज के चालू होने से अमृतसर के लोगों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा।