लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के अपमान के विरोध में दलित समाज सड़कों पर उतरा
जालन्धर, लुधियाना,होशियारपुर - बी बी आई टी न्यूज
लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के जूतों की माला से अपमान के विरोध में दलित समाज की ओर से आज 10 सितंबर को जालंधर,लुधियाना और होशियारपुर बंद का आह्वान किया गया है। बंद के चलते जालंधर में सुबह से ही ज्यादातर बाजारों की दुकानें बंद हैं। कई जगह बैंक भी बंद रहे।
वहीं होशियारपुर में प्रदर्शनकारियों ने बाजार बंद करवाए।
जालन्धर बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने वाल्मीकि चौक पर एकजुट होकर रैली निकाली। रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जो दुकानें खुली थीं, उन्हें भी बंद करवाया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति चौक पर एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर बाद एंबुलेंस को रास्ता देकर वहां से निकाल दिया।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि बंद शाम 5 बजे तक रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आम लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं किए गए हैं। इसके अलावा मेडिकल स्टोर और अस्पताल जैसी जरूरी एवं आपातकालीन सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है।
बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए प्रदर्शनकारियों ने स्कूल और कॉलेज बंद नहीं करवाने का फैसला किया है। इसी तरह इमरजेंसी सेवाओं को भी काम करने की छूट दी गई है, ताकि मरीजों और जरूरतमंद लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उधर, लुधियाना में पुलिस लाइन में पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने दलित समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान समाज के लोगों ने प्रतिमा के अपमान के मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जालन्धर मैं बहुजन समाज पार्टी ने बसपा नेता अवतार सिंह करीमपुरी व बलविंदर कुमार के नेतृत्व में पंजाब के राज्यपाल के नाम डी सी जालन्धर को ज्ञापन दिया।
जिला कांग्रेस ने भी पूर्व विधायक रजिन्द्र बेरी के नेतृत्व में शहर में कई जगह सरकार विरुद्ध धरना-प्रदर्शन किया।
शहर में दहशत का माहौल रहा और बाजार तकरीबन पूर्णतया बंद रहे।