Wednesday, 4 November 2026
लुधियाना में पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे की हत्या

लुधियाना में पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे की हत्या

​लुधियाना में पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे की हत्या

मामूली कहासुनी के बाद  जन्मदिन की पार्टी में चली गोलियां

​लुधियाना - बी बी आई टी न्यूज 

लुधियाना के मशहूर 'पंडित कुलचे-छोले' वाले के 34 वर्षीय बेटे राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पकखोवाल रोड स्थित तलवार कॉलोनी में अखिल जोशी के घर आयोजित जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुई।  

पुलिस और परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर अपने दोस्त अखिल जोशी के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था, जहाँ करीब 8 से 10 युवक मौजूद थे। केक काटने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और राहुल पर 2 गोलियां चला दीं—एक गोली उसकी छाती पर और दूसरी पीठ पर लगी। गंभीर रूप से घायल राहुल मौके पर ही गिर पड़ा।  

​पार्टी में मौजूद दोस्तों ने घटना की सूचना राहुल के साले को फोन पर दी और उसे डी एम सी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जब तक परिजन अस्पताल पहुंचे, रात लगभग 11:55 बजे राहुल दम तोड़ चुका था।  

बर्थडे बॉय अखिल जोशी ने एक वीडियो जारी कर घटना पर सफाई दी है। अखिल का कहना है कि उसका दोस्त गगन अपनी रिवॉल्वर निकालकर टेबल पर रख रहा था, तभी अचानक गोली चल गई जो राहुल को लग गई। घटना के बाद वे राहुल को अस्पताल ले गए थे।  

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और राहुल की स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है।  

​थाना सदर में मृतक राहुल के साले पीयूष शर्मा के बयानों के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें अखिल जोशी, परमराज, गगनदीप और अन्य अज्ञात युवकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54, 59 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  

डी एस पी आलम विजय सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम सहित घटनास्थल पर पहूंचे व जांच शुरू कर दी। उन्होने बताया कि फिलहाल घटना आपसी रंजिश की नहीं लग रही,जबकि असलियत आरोपियों के पकड़े जाने पर ही स्पष्ट होगी। उन्होने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई है और आरोपी शीघ्र ही पकड़ लिए जायेंगे।

Published on: 22 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111