लुधियाना में बकाया वेतन मांगने पर प्लाईवुड श्रमिकों के साथ बेरहमी से ठेकेदार द्वारा मारपीट
परिवार ने न्याय की गुहार लगाई
लुधियाना । बी बी आई टी न्यूज
जिले में एक सनसनीखेज व शर्मनाक घटना सामने आई है जहां प्लाईवुड के कामगारों और उनके परिवार के साथ ठेकेदारों द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई। घटना तब घटी जब श्रमिक अपना बकाया वेतन मांगने ठेकेदार के पास गए थे।
पीड़ितों में से एक, ढंडारी कलां निवासी धीरज कुमार सोनी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे और उनके परिवार के सदस्य ठेकेदार उज्ज्वल के पास पिछले एक साल से प्लाईवुड का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वे ठेकेदार के पास अपनी दो महीने की लंबित पेमेंट लेने गए, तो वहां मौजूद दो ठेकेदारों ने उन पर डंडों और थप्पड़ों से हमला कर दिया। धीरज के अनुसार, उन्हें सड़क पर घसीट-घसीटकर पीटा गया।
एक अन्य पीड़िता, निशु देवी ने बताया कि उनकी एक महीने की 15,000 रुपये और उनके पति की दो महीने की 18,000 रुपये प्रति माह के हिसाब से पेमेंट फंसी हुई थी। निशु देवी ने कहा कि जब वे पैसे मांगने गए, तो ठेकेदारों ने पति-पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने यह भी दिखाया कि महिला को डंडों से पीटा गया था।
इस घटना के बाद, गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस संबंध में जब ठेकेदार से बात करने की कोशिश की गई तो उसका फोन बंद आ रहा था।
पीड़ित परिवार ने इस क्रूर हमले के लिए न्याय की मांग की है और प्रशासन से ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। वे अपने फंसे हुए वेतन और चिकित्सा खर्च के लिए भी उचित मुआवजे की उम्मीद कर रहे हैं।