जीरकपुर वाहन चोरी मामला
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
चोरी की मोटरसाइकिल और एक्टिवा बरामद
जीरकपुर । बी बी आई टी डेस्क
जीरकपुर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा बरामद की है।
शिकायतकर्ता रेहान पुत्र सहजाद, निवासी मकान नंबर 34, हरि कृष्णा एन्क्लेव, बलटाना, जीरकपुर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 14 अक्टूबर 2026 को उसने अपनी हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल एक दुकान के बाहर खड़ी की थी।
इसके बाद वह रामलीला ग्राउंड देखने गया था और जब रात करीब 1:30 बजे वापस लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी सुराग न लगने पर पुलिस को औपचारिक शिकायत दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना जीरकपुर में मुकदमा नंबर 608, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें बाद में जांच के दौरान धारा 317(2) भी जोड़ी गई।
मामले की जांच के दौरान एएसआई मेजर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ चंडीगढ़ से आने वाली स्लिप रोड पर पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान चौथे आरोपी एलेक्स जैकब पुत्र विशाल जैकब (निवासी मकान नंबर 341, दूसरी मंजिल, रविंद्र एन्क्लेव, फेस-2, बलटाना, जीरकपुर, उम्र करीब 25 वर्ष) का नाम सामने आया, जिसे मामले में नामजद किया गया।
आरोपी एलेक्स जैकब की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर एक एक्टिवा (नंबर HR03T8123) भी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 3 दिन का रिमांड मिला है। जीरकपुर पुलिस द्वारा वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों की संलिप्तता और बरामद वाहनों से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।