जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा
कुपवाड़ा में केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में भारतीय सेना व आतंकवादियों में मुठभेड़
दो आंतकवादी मारे गए - तलाशी अभियान जारी
कुपवाड़ा - बिग बॉस इण्डिया टुडे न्यूज़
जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास सेना को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कुपवाड़ा में केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में एक मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए हैं और फिलहाल तलाशी अभियान चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई थी। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह घुसपैठ की कोशिश थी या नहीं। अधिकारियों के अनुसार उत्तरी कश्मीर जिले के केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में एलओसी के पास सतर्क जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद उन्होंने आतंकवादियों को चुनौती दी और उन्हें रोक लिया।
इससे करीब एक महीना पहले जम्मू के उधमपुर जिले में एक ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मारे गए दोनों आतंकवादियों की पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की थी। पुलिस ने बताया था कि इनके पास से एक एके असॉल्ट राइफल (चार मैगजीन के साथ), एक M4 कार्बाइन (तीन मैगजीन के साथ), एक ग्लॉक पिस्तौल और अन्य युद्धक सामग्री बरामद की गई थी।