जालंधर से राष्ट्रीय एकता दिवस मोटरसाइकिल रैली रवाना
एडीजीपी एम.एफ. फारूकी ने दिखाई हरी झंडी
जालंधर - रमेश महेन्द्रू
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज जालंधर के पीएपी कॉम्प्लेक्स से एक विशेष मोटरसाइकिल रैली को रवाना किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एम.एफ. फारूकी ने हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया।
पंजाब पुलिस के 10 साहसी बाइकर्स इस रैली का हिस्सा हैं, जो विभिन्न पड़ावों से होते हुए आगामी 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। ये सभी बाइकर्स 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की मुख्य परेड में गर्व के साथ हिस्सा लेंगे।
दिल्ली की अपनी इस यात्रा के दौरान, ये बाइकर्स रास्ते में आने वाले विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर रुकेंगे। इस दौरान वे युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा एक स्वस्थ और 'नशामुक्त समाज' के निर्माण का संकल्प लेने का संदेश देंगे।
इस अवसर पर पंजाब पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने बाइकर्स का उत्साहवर्धन किया और उनके इस नेक प्रयास की सराहना की।