Wednesday, 4 November 2026
जालंधर में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम को सार्थक बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस का संयुक्त अभियान शुरू

जालंधर में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम को सार्थक बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस का संयुक्त अभियान शुरू

जालंधर में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम को सार्थक बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस का संयुक्त अभियान शुरू

60 दिनों का लक्ष्य निर्धारित, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में अधिकारियों की टीमें करेंगी दौरा

जालंधर - ब्यूरो चीफ

पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ मुहिम को सार्थक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत नशे से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जाएगा तथा लोगों को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

जालंधर के जिलाधीश वर्जित वालिया, आईएएस, ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेशानुसार इस अभियान के लिए 60 दिनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता व्यापक विकास को बढ़ावा देना और जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से कुछ हॉटस्पॉट क्षेत्रों को अभियान में शामिल किया है। इन क्षेत्रों का नियमित दौरा किया जाएगा और लोगों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

हर हॉटस्पॉट क्षेत्र में तैनात होंगे वरिष्ठ अधिकारी

जिलाधीश ने बताया कि प्रत्येक हॉटस्पॉट क्षेत्र में जिला प्रशासन की ओर से पीसीएस रैंक के अधिकारी तथा पुलिस प्रशासन की ओर से पीपीएस रैंक के अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी। इनके साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी काम करेंगी, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाई जा सकें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल नशे की समस्या तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इन क्षेत्रों में विकास की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। बच्चों के लिए खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने, स्वास्थ्य संबंधी मेडिकल कैंप लगाने तथा बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने जैसे प्रयास किए जाएंगे।

शहरी क्षेत्रों में पुलिस कमिश्नर जालंधर की टीम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एसएसपी ग्रामीण की टीम अभियान को आगे बढ़ाएगी। सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

60 दिनों के लक्ष्य से पहले सफलता हासिल करने का प्रयास: पुलिस कमिश्नर

पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिन्द्र सिंह ने कहा कि इस अभियान के लिए 60 दिनों का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन प्रशासन और पुलिस की कोशिश रहेगी कि निर्धारित समय से पहले ही सकारात्मक परिणाम हासिल किए जाएं।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाना, नशामुक्त पंजाब का निर्माण करना, स्वस्थ पंजाब को बढ़ावा देना और राज्य को आत्मनिर्भर बनाना है।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन तथा शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त अभियान है। इसमें सभी संबंधित विभागों की टीमों को शामिल किया गया है, ताकि नशे से प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सुधार लाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता की समस्याओं को समझते हुए अधिकारी जमीनी स्तर पर लोगों से मिलेंगे। उनकी परेशानियों को सुना जाएगा और उपलब्ध संसाधनों तथा संबंधित विभागों के सहयोग से उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि विकास और जनसहभागिता के माध्यम से नशामुक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर पंजाब का निर्माण करना है।

Published on: 17 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111