जालंधर में ‘वन-डे कैंप – वन डे फॉर माय कॉलेज’ का आयोजन
विद्यार्थियों ने सफाई अभियान के साथ निकाली नशा विरोधी रैली
जालंधर । नूपुर महेन्द्रू
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कॉलेज, लाडोवाली रोड की एनएसएस इकाई की ओर से नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने, विद्यार्थियों में अपने संस्थान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा स्वच्छता, सेवा, सहयोग और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘वन-डे कैंप – वन डे फॉर माय कॉलेज’ का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नशा विरोधी रैली का नेतृत्व करते हुए कॉलेज की ओएसडी प्रो. (डॉ.) नवजोत ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए युवा पीढ़ी को जागरूक करना समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने इस दिशा में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्थान की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं को इस सामूहिक प्रयास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
यह रैली प्रो. (डॉ.) नवजोत और एनएसएस प्रभारी डॉ. लखवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने नशों के खिलाफ जोरदार नारे लगाए तथा नशों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
रैली के साथ-साथ कॉलेज में ‘वन-डे कैंप – वन डे फॉर माय कॉलेज’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने संस्थान के प्रति अपनत्व, जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज के विभिन्न कक्षाओं, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। कॉलेज परिसर को स्वच्छ, स्वास्थ्यवर्धक और सुंदर बनाने में योगदान देकर उन्होंने स्वच्छता तथा सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
एनएसएस प्रभारी डॉ. लखवीर सिंह ने कहा कि एनएसएस इकाई का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सामुदायिक सेवा से जोड़ना और उनमें सामाजिक समस्याओं के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि नशा विरोधी जागरूकता अभियान और कॉलेज परिसर में सफाई जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने का एक सार्थक माध्यम हैं। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रत्येक विद्यार्थी को न केवल अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए, बल्कि नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
नशा विरोधी रैली और ‘वन-डे कैंप – वन डे फॉर माय कॉलेज’ के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता और नशामुक्त समाज के निर्माण के अभियान से जुड़ने का अवसर मिला। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वस्थ, स्वच्छ और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।