जालंधर में दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवा दोस्तों की मौत
पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दोनों मृतक 18 और 19 वर्ष
जालंधर। बी बी आई टी न्यूज
जालंधर में पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवा दोस्तों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवकों की वॉक्सवैगन कार नगर निगम की सफाई कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार दो युवकों की जान चली गई, जबकि अन्य युवकों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे। रात को पार्टी से लौटने के बाद उन्होंने चंडीगढ़ से आए अपने दोस्तों के साथ एपीजे कॉलेज के पास कारों से रेस लगानी शुरू कर दी। इस दौरान एक वॉक्सवैगन कार के साथ स्कोडा कार भी थी। वॉक्सवैगन में तीन युवक सवार थे, जबकि अन्य युवक स्कोडा कार में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि कार चलाते समय वॉक्सवैगन फ्लाईओवर पर नगर निगम की सफाई के लिए खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कार सवार दो युवकों की मौत हो गई।
थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा एकत्र करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां खड़ी थी। इसी दौरान बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ मुड़ते समय वॉक्सवैगन कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक और युवकों के बीच बहस होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद कारों में सवार युवक मौके से चले गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया।
मृतकों की पहचान सेठ हुकुमचंद कॉलोनी, जालंधर निवासी दो युवकों के रूप में हुई है। विदित ओलक (18 वर्ष) — मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे बताए गए हैं। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। आरव तलवाड़ (19 वर्ष) — पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे बताए गए हैं।
परिजनों ने दोनों शवों को सौंपे जाने के बाद पुलिस कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिजनों की सहमति के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वॉक्सवैगन कार में आम आदमी पार्टी के एक पार्षद का बेटा भी सवार था, जो सुरक्षित बताया जा रहा है। अन्य युवकों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है कि वे चंडीगढ़ से आए थे और हादसे के बाद अपने घर लौट गए थे।
विदित ओलक की मौत की खबर से संगीत जगत में भी शोक की लहर है। पंजाबी गायक और रैपर यो यो हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपना भतीजा खो दिया है और इस क्षति से वह बेहद दुखी हैं।