Wednesday, 30 September 2026
जालंधर में अमित शाह की रैली को लेकर धमकी भरा ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

जालंधर में अमित शाह की रैली को लेकर धमकी भरा ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली स्थल सहित कई जगह को बम से उड़ने की धमकी 

केन्द्रीय व पंजाब की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट 

जालंधर में अमित शाह की रैली को लेकर धमकी भरा ई-मेल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

जालंधर - एस एन एन 

पंजाब में 30 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ का समापन जालंधर में होगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जालंधर-लुधियाना हाईवे से सटे परागपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी इस कार्यक्रम को नशे के खिलाफ अपने अभियान के समापन के साथ-साथ 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम के तौर पर देख रही है।

लेकिन इस से कुछ घंटे पहले सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार सुबह जालंधर के कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने की सूचना है। 

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जांच शुरू की गई है।

बताया जा रहा है कि ईमेल में स्कूलों को लेकर धमकी दी गई है। मेल में कथित तौर पर लिखा गया है कि बच्चों को बचा लें और 11:11 बजे स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई है।

धमकी की जानकारी सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल की सत्यता तथा इसके स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

इसी ईमेल में जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर को लेकर भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है। खास बात यह है कि आज ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का देवी तालाब मंदिर जाने का कार्यक्रम है। अमित शाह मंदिर में माथा टेकने के बाद परागपुर में आयोजित बीजेपी की बड़ी रैली को संबोधित करने वाले हैं।

रैली स्थल का क्षेत्रफल करीब 50 से 65 एकड़ तक बताया गया है, जबकि पार्किंग के लिए भी अलग जगह रखी गई है। पार्टी की ओर से बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने का दावा किया गया है और करीब 2,000 बसों के आने की बात कही गई है।

रैली स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। केंद्रीय सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। लोगों को अमित शाह का भाषण सुनाने के लिए पंडाल के अंदर और बाहर एलईडी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की गई है।

ई-मेल में दावा किया गया कि जालंधर में अमित शाह की रैली के मंच के नीचे IED लगाए जाने तथा रैली में लोगों को लाने वाली कुछ बसों में बम होने की बात कही गई है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां ई-मेल की सत्यता तथा स्रोत की जांच कर रही हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ के नामों का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालयों तथा पंचकूला के कुछ निजी स्कूलों को लेकर भी धमकियां दी गई थीं।

धमकी की सूचना के बाद पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले और उसमें किए गए दावों की जांच के लिए संबंधित एजेंसियां सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि 30 सितम्बर को जालंधर में नशा-मुक्ति अभियान के समापन कार्यक्रम के तहत बड़ी रैली आयोजित होनी है, जिसमें अमित शाह के संबोधन का कार्यक्रम है। 

Published on: 30 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111