बी.वोकेशनल के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परीक्षाओं में मारी बाजी
जालन्धर - एस एन एन
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के सीधे प्रबंधकीय सिस्टम के अधीन चल रहे गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कॉलेज, के बी.वोकेशनल (ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग) कार्यक्रम के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज का नाम रोशन किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कॉलेज की ओएसडी प्रो. (डॉ.) नवजोत कौर ने बताया कि बी.वोकेशनल (ई-कॉमर्स एवं डिजिटल मार्केटिंग) के विद्यार्थी शिवम वर्मा ने विश्वविद्यालय में तीसरा स्थान हासिल करते हुए 8.14 सीजीपीए प्राप्त किया। इसी प्रकार गरिमा ने 7.87 सीजीपीए के साथ विश्वविद्यालय में सातवां स्थान, जबकि अमरनूर सिंह ने 7.66 सीजीपीए के साथ आठवां स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज की ओएसडी प्रो. (डॉ.) नवजोत कौर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और अकादमिक उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा विश्वविद्यालय स्तर पर हासिल किए गए ये स्थान कॉलेज के लिए गर्व की बात हैं। यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों की मेहनत और समर्पण को भी दर्शाती है।
कॉमर्स विभाग की प्रमुख डॉ. सोनिया कुंद्रा ने भी तीनों विद्यार्थियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत और अकादमिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विभाग के सभी शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर प्राप्त किए गए ये स्थान अन्य विद्यार्थियों को भी अकादमिक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे।