“हमने जो कहा, कर दिखाया” — अमित शाह
पंजाब नशामुक्त यात्रा के समापन पर जालन्धर के परागपुर में महारैली
पंजाब में भाजपा की सरकार आने पर 31 दिसम्बर 2029 तक नशामुक्त कर देंगे - शाह
जालन्धर - रमेश महेन्द्रू
जालन्धर के परागपुर स्थित महारैली स्थल पर भारतीय जनता पार्टी की ‘पंजाब नशामुक्त यात्रा’ का समापन हुआ। चार अलग-अलग स्थानों से शुरू हुई इन यात्राओं ने पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया और लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय की। समापन अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने महारैली को संबोधित किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत “बोले सो निहाल” के जयघोष से की। इसके बाद उन्होंने मां भगवती को नमन किया तथा शहीद भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह, सरदार तेजा सिंह समुद्री, महाराजा रणजीत सिंह सहित पंजाब की महान विभूतियों और वीरों की पावन धरती को प्रणाम किया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में नशामुक्ति के कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए परम सौभाग्य की बात है। उन्होंने पंजाब की माताओं को भी नमन करते हुए कहा कि देश की रक्षा और राष्ट्रहित में पंजाब ने हमेशा कुर्बानियां दी हैं और देश के लिए सदैव आगे रहा है।
अमित शाह ने अपने भाषण में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने नशे के कारोबार, कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने नशे के मुद्दे को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रमुख राजनीतिक मुद्दों में शामिल करने की बात कही।
अमित शाह ने कहा कि पंजाब में मुद्दे अनेक हैं, लेकिन भाजपा नशे के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर 31 दिसम्बर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पंजाब की जनता से नशामुक्त पंजाब तथा मजबूत आर्थिक व्यवस्था का वादा करती है। उनके अनुसार, पंजाब कभी गेहूं, धान और अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता था, जबकि आज नशे की समस्या ने राज्य को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को नशे से दूर रखना, आर्थिक विकास को गति देना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने पंजाब के किसानों की आमदनी बढ़ाने तथा अधिक से अधिक फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध कराने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा की सरकार बनने के बाद पंजाब में नशे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा पंजाब को नशामुक्त बनाने और राज्य की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जन-अभियान का रूप देने की आवश्यकता है।
पंजाब में भाजपा की ‘नशामुक्त यात्रा’ को पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नशे के मुद्दे पर अपने अभियान के रूप में प्रस्तुत किया है।
महारैली में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, अश्वनी शर्मा, तरुण चुघ, मनोरंजन कालिया, राकेश राठौर, सुनील जाखड़,सुशील रिंकू, हरभजन सिंह, महारानी परनीत कौर, श्वेत मलिक, विजय सांपला, सुरजीत कुमार ज्याणी, अविनाश राय खन्ना, राणा गुरजीत सिंह सोढी, मनप्रीत सिंह बादल, जीवन गुप्ता, परमजीत सिंह बराड़, चरणजीत सिंह अटवाल, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सोम प्रकाश,अमरजीत सिंह अमरी,अशोक कुमार मित्तल, अशोक जयरथ (फाजिल्का) सुबोध वर्मा, दिनेश ढल्ल, मनोज अग्रवाल, शैली खन्ना सहित पंजाब भर से भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मंच संचालन भाजपा नेता राजेश बाघा ने बखूबी किया।
रैली स्थल पर बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों की मौजूदगी रही और पंजाब नशामुक्त यात्रा के समापन को भाजपा ने नशे के खिलाफ अपने अभियान के महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में प्रस्तुत किया।