Wednesday, 4 November 2026
भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशू भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार

भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशू भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार

भारत का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशू भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार

हत्या-रंगदारी और फिरौती मांगने की अनगिनत एफआईआर हैं दर्ज

अमेरिका/नई दिल्ली

बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टरों में शामिल हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर है। मीडिया के मुताबिक अमेरिकी जांच एजेंसी एफ बी आई ने उसे लास वेगास से गिरफ्तार किया है। हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

हिमांशु भाऊ पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे 30 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। इसी मामले में एक अन्य भगोड़े आरोपी नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

हिमांशु भाऊ की तलाश में भारतीय जांच एजेंसियां लंबे समय से जुटी हुई थीं। साल 2023 में इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख रुपये और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय जांच एजेंसी के एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस की कई टीमें अमेरिका में हिमांशु भाऊ की तलाश कर रही थीं। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर लास वेगास में उसके संभावित ठिकाने का पता लगाया गया। इसके बाद अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ जानकारी साझा की गई।

हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला हिमांशु भाऊ कथित तौर पर 17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में आया था। शुरुआती दौर में उस पर रोहतक की सब्जी मंडी इलाके में जबरन वसूली करने के आरोप लगे।

सूत्रों के मुताबिक स्थानीय युवक सनी की हत्या के मामले के बाद हिमांशु भाऊ वर्ष 2020 में हिसार के बाल सुधार गृह से करीब 20 अन्य लड़कों के साथ फरार हो गया था। इसके बाद उसका संपर्क जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना से हुआ। आरोप है कि उसने व्यापारियों को रंगदारी के लिए धमकाना शुरू किया और बाद में अपना गिरोह बना लिया।

हिमांशु भाऊ का नाम साल 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं के मामलों में सामने आने के बाद सुर्खियों में आया। इसके बाद दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में हुई कई आपराधिक घटनाओं में भी उसका नाम चर्चा में रहा।

उस पर व्यापारियों, शराब ठेकेदारों और प्रॉपर्टी कारोबारियों से रंगदारी मांगने तथा धमकाने के लिए गोलीबारी करवाने जैसे आरोप हैं। विभिन्न रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश समेत 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।

हिमांशु भाऊ गैंग का नाम साल 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद भी चर्चा में आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी।

हिमांशु भाऊ की गैंग की लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग से दुश्मनी होने की बात भी सामने आती रही है। गैंगों के बीच कथित वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और अन्य क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आती रही हैं।

इस कार्रवाई में भगोड़े आरोपी नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़े जाने की जानकारी मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इस साल जमानत पर रिहा होने के बाद अपने टखने में लगा निगरानी ट्रैकर हटाकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

हिमांशु भाऊ की अमेरिका में गिरफ्तारी की खबर को भारतीय जांच एजेंसियों के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। अब मामले में प्रत्यर्पण, कानूनी प्रक्रिया और भारत में दर्ज आपराधिक मामलों को लेकर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

Published on: 24 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111