पंजाब विधानसभा चुनाव 2027
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश राठौर ने किया चुनाव प्रचार का आगाज
जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से ठोकी अपनी दावेदारी
जालन्धर - एस एन एन
पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र जालंधर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार, पंजाब भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मेयर राकेश राठौर ने अपनी चुनावी तैयारियों का आगाज़ कर दिया है। पूर्व मेयर राकेश राठौर पिछले कई वर्षों से जालंधर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी जताते आ रहे हैं और एक बार फिर भाजपा टिकट के इच्छुक हैं।
चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए राकेश राठौर ने जालंधर में स्थानीय भाजपा नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी के तहत उन्होंने मनोरंजन कालिया के करीबी रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश कालिया के लाडोवाली रोड स्थित प्रीत नगर निवास स्थान पर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान मौजूदा सामाजिक एवं राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा नेता एडवोकेट अशोक गांधी, पूर्व पार्षद सुरेश मरवाहा, पूर्व जालंधर शहरी भाजपा अध्यक्ष रमन पब्बी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 में भी राकेश राठौर ने इसी क्षेत्र से भाजपा टिकट की कोशिश की थी। जालंधर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र मुख्य रूप से हिंदू बाहुल्य इलाका है और इसे भाजपा का पारंपरिक गढ़ माना जाता है।
इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भाजपा के दिवंगत नेता मनमोहन कालिया ने कई वर्षों तक किया, जिसके बाद उनके सुपुत्र भाजपा नेता मनोरंजन कालिया भी यहाँ से तीन बार विधायक बने और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। मनोरंजन कालिया का इस क्षेत्र में पार्टी के साथ-साथ अपना निजी नेटवर्क काफी मजबूत माना जाता है।
वहीं दूसरी ओर, इस सीट से कांग्रेस के जय किशन सैनी, गुप्ता व राजिन्द्र बेरी भी विधायक रह चुके हैं, जबकि 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) के रमन अरोड़ा यहाँ से विधायक चुने गए।
जालंधर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल मूल के मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। राकेश राठौर स्वयं हिमाचल से संबंध रखते हैं, हालाँकि पंजाब में उनका अपना बड़ा कारोबार है। इसी वोटबैंक के बल पर वह जालंधर केन्द्रीय सीट से भाजपा टिकट के प्रबल चाहवान हैं।
राकेश राठौर का नाम टिकट की दावेदारी को लेकर पहले से ही चर्चाओं में था, लेकिन पिछले महीने जालंधर में आयोजित नशामुक्त रैली के दौरान उस समय यह चर्चा और तेज़ हो गई जब देश के गृहमंत्री अमित शाह ने उनके निवास स्थान पर दोपहर का भोजन किया। हालाँकि, गृहमंत्री का दोपहर भोज उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था, लेकिन पार्टी हाईकमान को ऐन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा और रैली स्थल से निकटता के कारण राकेश राठौर के निवास स्थान को प्राथमिकता दी गई।
हालाँकि, भाजपा हाईकमान की ओर से जालंधर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस सीट से भाजपा टिकट के चाहवानों की लंबी कतार है, ऐसे में यह तो आने वाला समय ही तय करेगा कि चुनावी मैदान में भाजपा का टिकट हासिल करने में कौन सफल हो पाता है।