भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ का आज पठानकोट से शुभारंभ
30 सितंबर को जालंधर में होगा भव्य समापन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे संबोधन
पठानकोट - रमेश महेन्द्रू
पंजाब को नशामुक्त बनाने और नशे के खिलाफ जनजागरूकता को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में ‘नशामुक्त पंजाब यात्राओं’ का शुभारंभ आज 18 सितंबर से किया जा रहा है। भाजपा का संदेश है— “भाजपा का नारा, नशा मुक्त सारा।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पठानकोट जिले के माधोपुर, सुजानपुर स्थित एकता स्थल से पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता भी इस अभियान में प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
प्रदेशभर में चार अलग-अलग मार्गों से निकलने वाली ये यात्राएं पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी और लगभग 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। विभिन्न चरणों में केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता तथा अन्य राज्यों के नेता भी यात्राओं में शामिल होंगे।
भाजपा के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य नशे के खिलाफ समाज के हर वर्ग को जागरूक करना तथा नशे से प्रभावित परिवारों और युवाओं के बीच पहुंचकर इस समस्या के विरुद्ध सामूहिक प्रयास को मजबूत करना है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि के बाद होगा शुभारंभ
आज दोपहर 12:30 बजे एकता स्थल, पठानकोट में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नशामुक्त पंजाब यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
इसके पश्चात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नशीले पदार्थों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं अनुभव सुनेंगे।
30 सितंबर को जालंधर में होगा समापन
13 दिनों तक चलने वाली इन यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में विशाल रैली के साथ होगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा द्वारा आयोजित इस अभियान के दौरान पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाब को नशे की समस्या से मुक्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। यात्रा के माध्यम से युवाओं, परिवारों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
आज का कार्यक्रम:
स्थान: एकता स्थल, माधोपुर, सुजानपुर, पठानकोट
समय: दोपहर 12:30 बजे
मुख्य कार्यक्रम: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि, नशामुक्त पंजाब यात्रा का शुभारंभ तथा नशे से प्रभावित परिवारों से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मुलाकात।
यह जानकारी पंजाब सचिव राजेश बाघा व अमरजीत सिंह अमरी ने दी।