Sunday, 13 September 2026
अपनी बहन को स्कूल छोड़ने आया इकलौते भाई राजन की बस की चपेट में आने से मौत

अपनी बहन को स्कूल छोड़ने आया इकलौते भाई राजन की बस की चपेट में आने से मौत

आदमपुर में दर्दनाक सड़क हादसा

अपनी बहन को स्कूल छोड़ने आया इकलौते भाई राजन की बस की चपेट में आने से मौत 

जालन्धर - बी बी आई टी ब्यूरो 

जालन्धर के आदमपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय नौजवान की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राजन निवासी चूहड़वाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजन चूहड़वाली स्कूल में पढ़ता था और अपनी बहन को स्कूल छोड़ने के लिए आया था।

इसी दौरान दो बसों के ओवरटेक करने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों ने धरना लगाकर सड़क जाम कर दी। परिजनों का कहना है कि जब तक हादसे के जिम्मेदार बस चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, राजन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक बुजुर्ग रिश्तेदार ने बताया कि राजन उसका इकलौता पोता था और बस चालक ने उसे कुचल दिया। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि राजन परिवार का इकलौता भतीजा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब करतार बस और रोडवेज की बस के बीच ओवरटेक करने की स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि करतार बस चालक सवारियों को उतार रहा था। इसी दौरान रोडवेज की बस उसे ओवरटेक करने लगी। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद राजन बस की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार सड़क खराब होने के कारण बस चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हुआ।

हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस ने बस के कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को भी कब्जे में ले लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

राजन की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना लगाकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार बस चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिजनों का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद ही धरना समाप्त किया जाएगा।

Published on: 10 Sep 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111