अमृतसर शादी पर जा रहे परिवार के साथ दर्दनाक हादसा
बेटी को बचाते पिता ने अपनी जान गंवाई
जालन्धर - एस एन एन
जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब शान-ए-पंजाब ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। हादसे के कारण शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पहचान शमशेर सिंह पुत्र लखबीर सिंह, निवासी विष्णु गार्डन, ख्याला, नई दिल्ली के रूप में हुई है। शमशेर सिंह अपनी माता पपिंदर कौर और बेटी नीलम कौर के साथ दिल्ली से अमृतसर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12497 शान-ए-पंजाब करीब 12:51 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची थी। ट्रेन का यहां करीब 5 मिनट का ठहराव था। इसी दौरान शमशेर सिंह पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए। कुछ देर बाद जब ट्रेन चलने लगी तो उनकी बेटी नीलम कौर ने दरवाजे से अपने पिता को आवाज लगाकर बताया कि ट्रेन चल पड़ी है। इसी दौरान नीलम का पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आने लगी।
जीआरपी थाने के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि बेटी को ट्रेन की चपेट में आते देख शमशेर सिंह ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वह खुद ट्रेन की चपेट में आ गए, जबकि नीलम कौर को भी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने शमशेर सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल नीलम कौर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।