आप ने बजाया चुनावों से 4 महीने पहले चुनावी बिगुल
117 में से 40 प्रत्याशीयों के नाम किए घोषित, पहली लिस्ट की जारी
धूरी से भगवंत मान व नकोदर से इन्द्रजीत कौर मान नकोदर
जालन्धर से अभी पार्टी ने किसी पर विश्वास नहीं जताया
चण्डीगढ़। बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा को टिकट दिया गया है। पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से पार्टी ने फिलहाल 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। आप की पहली उम्मीदवार सूची में माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं।
लुधियाना की चार प्रमुख सीटों के अलावा जालंधर, अमृतसर, होशियारपुर, संगरूर, मोगा और अन्य जिलों में भी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही पंजाब की राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनकी मौजूदा विधानसभा सीट धूरी से ही चुनाव मैदान में उतारा गया है।
इससे पहले उनके विधानसभा क्षेत्र बदलने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पार्टी ने पहली सूची में उनके नाम पर मुहर लगा दी है। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भगवंत मान ने धूरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर सिंह गोल्डी को बड़े अंतर से हराया था। अब 2027 में वह एक बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
आप ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से संजीव अरोड़ा को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। संजीव अरोड़ा इस समय कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में हैं। उनके नाम की घोषणा ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।
आप की पहली सूची में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत कई मौजूदा मंत्रियों के नाम शामिल नहीं हैं। इस वजह से राजनीतिक गलियारों में इन नेताओं की उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, पहली सूची में नाम नहीं होने का मतलब यह नहीं है कि इन नेताओं के टिकट काट दिए गए हैं। पार्टी शेष उम्मीदवारों की घोषणा अगली सूचियों में कर सकती है।
आप ने पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं: :- बटाला- अमनशेर सिंह (शेरी कलसी),अजनाला- कुलदीप सिंह धालीवाल,अमृतसर साउथ- डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर,तरनतारन- हरमीत सिंह संधू,खेमकरण- सरवन सिंह धुन्न,नकोदर- इंदरजीत कौर मान,करतारपुर- बलकार सिंह,दसूहा- करमबीर सिंह घुम्मन,उरमर- जसवीर सिंह राजा गिल,होशियारपुर- ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा,चब्बेवाल- इशांक कुमार चब्बेवाल,गढ़शंकर- जय कृष्ण सिंह रौड़ी,लाचौर- संतोष कटारिया,रूपनगर- दिनेश चड्ढा,एसएएस नगर- कुलवंत सिंह,फतेहगढ़ साहिब- लखबीर सिंह राय,अमलोह- गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग,समराला- जगतार सिंह दयालपुरा,लुधियाना ईस्ट- दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला,आत्म नगर- कुलवंत सिंह सिद्धू,लुधियाना सेंट्रल- अशोक पराशर पप्पी,लुधियाना वेस्ट- संजीव अरोड़ा,लुधियाना नॉर्थ- चौधरी मदन लाल बग्गा,पायल- मनविंदर सिंह ग्यासपुरा,निहाल सिंह वाला- मनजीत सिंह बिलासपुर,बाघापुराना- अमृतपाल सिंह सुखानंद,मोगा- डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा,धर्मकोट- देविंदर जीत सिंह लाडी ढोस,जलालाबाद- जगदीप कंबोज गोल्डी,फाजिल्का- नरेंद्रपाल सिंह सवना,मुक्तसर- जगदीप सिंह काका बराड़,कोटकपूरा- कुलतार सिंह संधवां,जैतो- अमोलक सिंह,तलवंडी साबो- बलजिंदर कौर,सरदूलगढ़- गुरप्रीत सिंह बनावाली,भदौड़- लाभ सिंह उगोके,महल कलां- कुलवंत सिंह पंडोरी,अमरगढ़- जसवंत सिंह गज्जन माजरा,धूरी- भगवंत मान,पटियाला- अजीतपाल सिंह कोहली
पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल कर पहली बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी। भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद संभाला था। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है।
2027 के चुनाव में आप के सामने दोबारा सत्ता हासिल करने की चुनौती होगी। पार्टी मुफ्त बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और विकास कार्यों को चुनावी मुद्दा बना सकती है। वहीं, कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल सहित विपक्षी दल कानून-व्यवस्था, नशे, बेरोजगारी और राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में हैं।
अब सभी की नजरें आप की अगली उम्मीदवार सूची पर रहेंगी। पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित होने के बाद बाकी 77 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है।
जालन्धर की चार सीटों में से अभी तक किसी के नाम की घोषणा नहीं की है।.जालंधर शहरी से दीपक बाली,विनीत धीर, नितिन कोहली,महेन्द्र भगत व रमन अरोड़ा प्रमुख नाम है।