Wednesday, 4 November 2026
आप को करारा झटका,दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी

आप को करारा झटका,दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी

आप को करारा झटका,दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी

जौड़ामाजरा व पठानमाजरा ने आप को कहा अलविदा

पटियाला/चण्डीगढ़।  बी बी आई टी डेस्क 

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है, जहां पटियाला जिले के दो मौजूदा विधायकों—चेतन सिंह जोड़ामाजरा (समाना) और हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर)—ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा 'आप' द्वारा 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के अगले ही दिन  सामने आया है।

टिकट कटने का डर व हलका इंचार्ज बदलना: दोनों ही नेताओं की सीटों (समाना और सनौर) पर पार्टी ने पहली लिस्ट में उम्मीदवारों की घोषणा तो नहीं की थी, लेकिन हाल ही में वहां नए हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिए गए थे।

समाना से पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा और सनौर से रणजोद हडाना को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिससे दोनों विधायकों के टिकट कटने के कयास तेज थे।

पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान मंत्री पद से हटाए जाने के बाद से ही आलाकमान से नाखुश चल रहे थे।

सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पिछले काफी समय से सरकार के कामकाज और नदी-नालों की सफाई के मुद्दों को लेकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए हुए थे। इसके अलावा वह एक कानूनी विवाद (आपराधिक मामला) के चलते भी चर्चा में थे।

चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया (फेसबुक) पर पोस्ट लिखकर आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के मौजूदा हालात काफी दुखद हैं और अब उनका दिल पार्टी में नहीं लग रहा था।

हरमीत सिंह पठानमाजरा.ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना आधिकारिक इस्तीफा भेजकर तत्काल प्रभाव से पार्टी छोड़ने की घोषणा की।

भाजपा में जाने की अटकलें: राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा सबसे तेज है कि दोनों पूर्व विधायक जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

आप के पंजाब अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा व पार्टी प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों और कामकाज के कारण इन नेताओं को पहले ही किनारे कर दिया गया था। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा के पास पंजाब में अपने उम्मीदवार नहीं हैं, इसलिए वह दूसरी पार्टियों से दरकिनार किए गए नेताओं के भरोसे अपनी जमीन तलाश रही है।

Published on: 01 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111