Wednesday, 4 November 2026
आम आदमी पार्टी के सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या

आम आदमी पार्टी के सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या

आम आदमी पार्टी के सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या

गुरुद्वारे में माथा टेककर लौटते समय हमलावरों ने उस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग 

अमृतसर । बी बी आई टी डेस्क 

अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े सरपंच के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गुरुद्वारे में माथा टेककर लौटते समय हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। मौके पर मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया।

पुलिस ने परिजन के बयानों के आधार पर 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। हालांकि, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। जांच अधिकारी ने कहा कि वारदात के सही कारण पुरानी रंजिश लग रहा है।

यह वारदात अमृतसर में चाटीविंड थाने के अंतर्गत आने वाले गांव चीते कलां में हुई। मृतक की पहचान तीरथ सिंह के रूप में हुई है। वह मौजूदा आप सरपंच का बेटा था। उसका भाई कारज सिंह ब्लॉक समिति मेंबर है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव चीते कलां का रहने वाला तीरथ सिंह  शाम को गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचा था। उसके साथ उसका दोस्त रंजीत सिंह भी था। जब ये दोनों गुरुद्वारे से लौट रहे थे, तभी गुरुद्वारे के बाहर पहले से मौजूद लोगों ने इन पर अंधाधुंध फायरिंग की।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग हुई। इसमें तीरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ। साथ आए उसके दोस्त रंजीत सिंह को गोली लगी, जिससे वह भी घायल हुआ। गोलियों की आवाज सुनकर गुरुद्वारे में मौजूद लोग फौरन मौके पर दौड़कर पहुंचे।

लोगों ने तीरथ और रंजीत को उठाया और अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टर ने तीरथ को मृत बताया। वहीं, रंजीत को भर्ती कर लिया, जिसका इलाज चल रहा है। उसका हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

मृतक के भाई कारज सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई है। कारज सिंह ने बताया कि हाल ही में उन्होंने आप की तरफ से सरपंच का चुनाव जीता था। गांव के ही एक गुट के साथ उनका पहले भी विवाद हो चुका था। उन्होंने ही इस वारदात को अंजाम दिया है।

पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर एफआईआर  दर्ज कर ली है। आरोपियों की पहचान गुरदित्त सिंह, गुरजंत सिंह, हरकीरत सिंह उर्फ हॉकी और गोरा के रूप में हुई है। वारदात के बाद से ये सभी फरार हैं। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

वारदात के बाद इस पर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई। भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्‌टू ने अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट कर लिखा- दीये तले अंधेरा! जिस सरकार के अपने सरपंचों के घर सुरक्षित नहीं, वह पंजाब को क्या सुरक्षा देगी?

Published on: 28 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111