Saturday, 3 October 2026
आप की मुख्य वक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में हुई शामिल

आप की मुख्य वक्ता प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में हुई शामिल

आप को जोर का झटका धीरे से....................

आप नेत्री प्रियंका कक्कड़ कांग्रेस में हुई शामिल 

नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

पंजाब विधानसभा से कुछ महीने पहले आप को बड़ा तगड़ा झटका लगा है। आप राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला, पवन खेड़ा और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

प्रियंका कक्कड़ काफी समय तक आम आदमी पार्टी का प्रमुख चेहरा रही हैं और मीडिया बहसों में पार्टी का पक्ष रखती रही हैं। आप ने अप्रैल 2023 में उन्हें राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया था। वह वर्ष 2013 में आम आदमी पार्टी से जुड़ी थीं और वह पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि वह “वही दिल्ली वापस चाहती हैं, जहां वह पली-बढ़ी हैं।” उन्होंने ऐसी दिल्ली की बात कही जो उनके अनुसार हरी-भरी, साफ-सुथरी, प्रगतिशील और सुरक्षित हो। 

उन्होंने कहा कि एक दशक से अधिक समय तक भारतीय राजनीति में रहने के बाद उन्हें विश्वास है कि कांग्रेस दिल्ली को इस दिशा में आगे ले जा सकती है।

प्रियंका कक्कड़ ने आम आदमी पार्टी के शुरुआती वादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने उस समय बंगला और गाड़ी नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में परिस्थितियां अलग दिखाई दीं।

उन्होंने आप पार्टी की राजनीतिक कार्यशैली में आए बदलावों पर सवाल उठाए। कक्कड़ ने कांग्रेस में शामिल होने के फैसले के दौरान राहुल गांधी की भी तारीफ की और उनके द्वारा उठाए जा रहे चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों का समर्थन किया।

प्रियंका कक्कड़ ने 2013 में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। पार्टी के अनुसार, उन्होंने संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं और 2017 से 2019 के बीच तेलंगाना की ऑब्जर्वर भी रहीं। इसके बाद उन्होंने दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में कानूनी जिम्मेदारी संभाली और 2020 में राघव चड्ढा के लोकसभा अभियान से भी जुड़ी रहीं।

Published on: 03 Oct 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111