पुलिस ने ऑटो में सवारी को बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश
दो आरोपी गिरफ्तार, आटो मालिक फरार
लुधियाना - बी बी आई टी न्यूज
कोतवाली पुलिस ने ऑटो में सवारी को बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू और मुजदाउन के रूप में हुई है।
ए.एस.आई. मनप्रीत सिंह के अनुसार एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसे ऑटो में बैठाने के बाद उसके साथ लूटपाट की गई। शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके में नाकेबंदी की। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के दौरान चोरी किया गया एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक इस्तेमाल किया गया ऑटो जिसके नाम पर है, उसका मालिक फिलहाल मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राजू के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पिछली वारदातों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच आगे जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।