राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन किशोर मकवाना की सक्रियता सराहनीय — शीतल अंगुराल
चण्डीगढ़ - बी बी आई टी न्यूज
शीतल अंगुराल ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के माननीय चेयरमैन किशोर मकवाना जी की सक्रियता और संवैधानिक जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब में अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों के साथ कथित अन्याय और उन्हें समय पर न्याय न मिलने की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि संगरूर में युवक की मौत का मामला बेहद गंभीर है। उनके अनुसार, संगरूर में यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसको लेकर न्याय और जवाबदेही की माँग उठ रही है। ऐसे मामलों में प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्ष जाँच करें और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएँ।
शीतल अंगुराल ने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन श्री मकवाना जी द्वारा मामले का संज्ञान लेना और पंजाब के उपायुक्त तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट माँगना एक सराहनीय कदम है। इससे पीड़ित परिवार की न्याय की उम्मीद को बल मिलता है और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में पहल होती है।
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आयोग इस मामले की निगरानी करेगा और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। पंजाब में किसी भी दलित परिवार को न्याय के लिए दर-दर भटकना न पड़े, यही लोकतंत्र और संविधान की सच्ची भावना है।
शीतल अंगुराल ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ है। उनकी माँग है कि सच्चाई सामने आए, दोषी पाए जाने वालों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले।