जालंधर नगर निगम में भाजपा पार्षदों का नगर-निगम कार्यालय में समर्थकों सहित धरना-प्रदर्शन
नगर निगम कमिश्नर के दरवाजे पर चिपकाया नोटिस
जालंधर स्मार्ट सिटी कथित घोटाले और अनियमितताओं पर जनता चाहती है जवाब - मंजीत सिंह टीटू
सीनियर भाजपा नेता धरना-प्रदर्शन मेंञरहे नदारद
जालन्धर - नूपुर महेन्द्रू
जालंधर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार, स्मार्ट सिटी परियोजना में अनियमितताओं, शहर की बदहाल सफाई एवं सीवरेज व्यवस्था और विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी के खिलाफ आज भाजपा पार्षद दल के नेता मनजीत सिंह टीटू की अध्यक्षता में भाजपा पार्षदों ने सैकड़ों समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया।
जालंधर भाजपा के प्रधान अशोक सरीन हिक्की और भाजपा देहाती प्रधान जगबीर बराड़ मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने के दौरान निगम कमिश्नर सहित संबंधित अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद भाजपा पार्षदों ने कमिश्नर के दरवाजे पर ही अपना मांगपत्र चिपकाकर निगम प्रशासन के प्रति रोष जताया।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि स्मार्ट सिटी परियोजना से संबंधित कैग रिपोर्ट में दर्ज टिप्पणियों और अनियमितताओं पर सरकार स्थिति स्पष्ट करे तथा परियोजना के खर्च, टेंडरों, भुगतान, जांच और कार्रवाई की पूरी जानकारी वाला श्वेत पत्र जारी किया जाए। भाजपा ने यह भी मांग की कि विजिलेंस जांच की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाए, दोषियों की जिम्मेदारी तय हो और शहर की सफाई, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट तथा पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना घोषित की जाए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वार्ड में सफाई एवं सीवरेज कर्मचारियों के स्वीकृत पदों, तैनात कर्मचारियों, रिक्त पदों और लंबित भर्ती बैकलॉग का पूरा विवरण भी सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई।
मनजीत सिंह टीट ने कहा कि जालंधर स्मार्ट सिटी परियोजना में कथित घोटाले और अनियमितताओं पर जनता जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक गठजोड़ के चलते भ्रष्टाचार के मामलों में प्रभावी विजिलेंस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के पैसे का हिसाब लेकर रहेगी और दोषियों को बचाने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी।
जगबीर बराड़, भाजपा देहाती प्रधान, ने धरने को सफल बनाने के लिए भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाना भाजपा की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना प्रशासन का कर्तव्य है।
1. जालंधर स्मार्ट सिटी परियोजना पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी किया जाए, जिसमें खर्च, टेंडर, भुगतान, पूर्ण एवं अधूरे कार्यों तथा जांच की स्थिति का विवरण हो।
2. कैग रिपोर्ट में दर्ज टिप्पणियों पर की गई कार्रवाई सार्वजनिक की जाए और लंबित मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।
3. स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के संदिग्ध कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और भुगतान का स्वतंत्र वित्तीय एवं तकनीकी ऑडिट करवाया जाए।
4. प्रत्येक वार्ड में सफाई एवं सीवरेज कर्मचारियों के स्वीकृत पदों, तैनात कर्मचारियों, खाली पदों और लंबित भर्ती बैकलॉग का श्वेत पत्र जारी किया जाए।
5. जेटिंग मशीनों, सीवरेज सफाई और संबंधित ठेकों पर हुए खर्च की जांच करवाकर वास्तविक कार्यों का सत्यापन किया जाए।
6. शहर में सफाई, कूड़ा उठान, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए वार्डवार कार्ययोजना और समयसीमा घोषित की जाए।
7. जांच में भ्रष्टाचार या सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि जालंधर के नागरिकों के पैसे और अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन को जनता के सवालों का जवाब देना होगा और शहर के विकास को राजनीतिक पक्षपात तथा भ्रष्टाचार की शिकायतों से मुक्त करना होगा।